बरात में विषाक्त हलुआ खाने से तीन किशोर गंभीर, 75 बराती बीमार

मोहम्मदाबाद: थाना क्षेत्र के ग्राम तकीपुर गिहार बस्ती निवासी तीन किशोर बुधवार रात्रि एक विवाह समारोह में पत्तलें उठाने का काम करने गये थे। बारात से लौटने के बाद से लगभग 13-14 वर्षीय किशोर आदेश पुत्र कैलाश, विशाल पुत्र सुखवीर व दीपक पुत्र महेश को उल्टी व दस्त की शिकायत हो गयी। तीनों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद में भ्रर्ती कराया गया। बाद में एक किशोर की हालत अधिक गंभीर होने पर उसे फर्रुखाबाद के लिये रेफर कर दिया गया है।

27 जुलाई की रात गांव रसूलपुर में राजाराम वर्मा की पुत्री की बरात मैनपुरी जनपद के भोगांव थाने के गांव धिगोरा से आयी थी। रात लगभग 9 बजे करन सिंह पुत्र रत्नेश की बरात दस कारों तथा ट्रैक्टर से लेकर रसूलपुर पहुंचे। जनातियों ने बरातियों का जोरदार स्वागत किया और बरातियों को आलू की टिक्की, पकौड़ी तथा लौकी की लौंज का नाश्ता कराया। नाश्ते के बाद बरात चढ़ने की तैयारी हो रही थी कि लगभग 50 बरातियों को पेट में दर्द, उल्टी व दस्त होने लगे। कुछ बरातियों के मुंह से झाग निकलने लगा। बरातियों के बीमार होने से जनवासे में अफरा-तफरी मच गयी। बीमार बरातियों को दूल्हे के परिजन कारों से इलाज के लिए भोगांव तथा मैनपुरी ले गये। हंसी -खुशी के माहौल में सन्नाटा छा गया। ऐसे में शादी की सारी रस्में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। बरातियों के साथ ही नाश्ता करने से शादी में पांडाल लगाने आया धीरपुर निवासी अनिल तथा पत्तलों की सफाई करने वाला तकीपुर निवासी दीपक (12), विशाल (13) व आदेश (14) भी उल्टी व दस्त होने के बाद सुबह पंडाल के पास ही बेहोश मिले। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें निजी नर्सिग होम में भर्ती कराया। बरात सुबह 9 बजे विदा हुई। दूल्हा, दुल्हन के अलावा मात्र 5 लोग ही रह गये थे।

बीमार किशारों के परिजनों के अनुसार किशोर शादियों में लाइट के हंडे उठाने का काम करते हैं। जबकि किशोरों के अनुसार वह पत्तलें उठाने के लिये गये थे।