चार बीघा जमीन के लिए प्रेमिका के पति की हत्या

Uncategorized

मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद): विकासखण्ड मोहम्मदाबाद के ग्राम सिनौड़ा ईश्वरीय में मिले शव की शिनाख्त के बाद मृतक के पुत्र ने अपनी मां के प्रेमी सहित तीन के विरुद्व नामजद रिपोर्ट दर्ज करायी है। मोहम्मदाबाद पुलिस ने तीनो को गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों के अनुसार हत्या वास्तव में मृतक की पुत्री से छेड़छाड़ के मामले में दो अन्य लोगों ने की है। जबकि पुलिस से घालमेल कर वास्तविक अपराधियों के स्थान पर दो निर्दोष लोगों को नामजद किया गया है।

रविवार को ग्राम सिनौड़ा ईश्वरीय में मिले अज्ञात शव की शिनाख्त अमर सिंह जाटव पुत्र रामसहाय निवासी नंदुरिया के तौर पर उसके पुत्र जीतू ने की है। जीतू ने इस सम्बंध में कोतवाली मोहम्मदाबाद में दी गयी तहरीर में कहा है कि उसकी मां सुनीता से गांव के ही अरुण जाटव से विगत लगभग 20 वर्षों से अवैध सम्बंध हैं। मेरी मां के नाम चार बीघा जमीन है। इसी जमीन को हथियाने के लिए अरुण ने अपने साथियों कल्लू पाण्डेय पुत्र रामऔतार व नवरंग पुत्र रामसनेही के साथ मिलकर मेरे पिता अमर सिंह की हत्या कर दी गयी।

तहरीर के अनुसार अमर सिंह की तबियत खराब थी। अरुण का घर पर आना जाना था। अरुण दिखाने के बहाने अमर सिंह को अपने साथ मोटरसाइकिल पर बेबर ले गया था। परन्तु वापस न आने पर उसने अपने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट बेबर पुलिस को दी थी। गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर बेबर पुलिस ने अज्ञात शव की शिनाख्त के लिए जीतू को बुलाया था और उसी की सूचना के आधार पर अरुण कुमार को गिरफ्तार किया था। अरुण के वयान के आधार पर कल्लू पाण्डेय व रामऔतार को भी गिरफ्तार किया गया है।

दूसरी ओर ग्रामीणों के अनुसार अमर सिंह की पुत्री पूजा से, जिसका विवाह एक वर्ष पूर्व हो चुका है, सावित्री पत्नी रामनिवास के पुत्र बिल्लू ने छेड़खानी कर दी थी। इसी बात को लेकर अमर सिंह ने सावित्री व उसके भाई सर्वेश आदि से गाली गलौज की थी। इसी रंजिश में सर्वेश व उसके भतीजे मझलिंका ने अरुण कुमार से अमर सिंह को बुलवाकर हत्या कर दी। सूत्रों की मानें तो प्रारंभिक पूछताछ में अरुण कुमार ने सर्वेश व मझलिंका के नाम भी लिए थे परन्तु बाद में सावित्रीदेवी की पैरवी के बाद पुलिस के दबाव में रिपोर्ट बदल दी गयी। जबकि पुलिस इस बात से इंकार कर रही है।