कार्तिक पूर्णिमा पर पांचाल घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगा स्नान को पहुंचे हजारों श्रद्धालु

0
48

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को शहर के पांचाल घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के सुबह से ही गंगा घाटों पर स्नान करने वालों का पहुंचना शुरू हो गया। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई। गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित करने की कामना के साथ श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व होने के चलते आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पांचाल घाट पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। गंगा तट पर हर-हर गंगे और जय मां गंगा के जयकारे गूंजते रहे। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाट पर पूजा-अर्चना की तथा जरूरतमंदों को दान-पुण्य भी किया।घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ की निगरानी करते रहे और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से स्नान कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। गंगा घाट पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मुस्तैद नजर आई।कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पांचाल घाट का पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। सुबह से ही गंगा तट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने पर्व की धार्मिक महत्ता और लोगों की अटूट आस्था को एक बार फिर प्रदर्शित किया।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]