फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) छठ पूजा पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार को पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पांचाल घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।डीएम ने घाट पर पर्याप्त एवं मजबूत बैरीकेडिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही पूजा-अर्चना कर सकें। उन्होंने सुबह और शाम के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा महिलाओं की सुविधा और निजता के लिए सुरक्षित चेंजिंग रूम बनवाने को कहा।घाट और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई कराने तथा नियमित कूड़ा निस्तारण के निर्देश दिए गए। नदी में स्नान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और वाहनों के लिए अलग से पार्किंग स्थल निर्धारित करने को कहा गया, जिससे घाट के आसपास जाम न लगे। एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता खुला रखने के निर्देश भी दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से छठ पूजा से पहले तैयारियां पूरी कर लें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार, एएसपी डॉ. गिरीश कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, एसडीएम सदर संजय कुमार, बीडीओ बढ़पुर योगेश पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र रहे।
छठ पूजा की तैयारियों को लेकर डीएम ने पांचाल घाट का किया निरीक्षण
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



