कर्ज के बोझ से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान

0
7

फर्रुखाबाद:( मोहम्मदाबाद संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के अभयपुर गांव में कर्ज के बोझ से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह उसका शव घर के पास बने फूस के बंगले में लटका मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी, मां और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।जानकारी के अनुसार अभयपुर निवासी विश्वेश्वर का पुत्र आदित्य कुमार खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया गया कि 8 नवंबर की रात आदित्य ने अपने फूस के बंगले में लगी बाली से मफलर के सहारे फांसी लगा ली। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह करीब नौ बजे उसकी मां मुन्नी देवी जानवरों को चारा डालने बंगले पर पहुंचीं तो बेटे का शव फंदे पर लटका देखकर उनकी चीख निकल गई।मां की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में आदित्य को नीचे उतारकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के भाई शिशुपाल ने बताया कि आदित्य पर काफी कर्ज था। उसने आलू की फसल में कर्ज की रकम लगा दी थी, लेकिन आलू के कम दाम मिलने के कारण वह कर्ज नहीं चुका पा रहा था। कर्जदारों की ओर से लगातार तकादा किए जाने के चलते वह काफी परेशान रहता था।आदित्य की मौत से पत्नी उर्मिला देवी, पुत्री सुरभि और पुत्र सूर्यांश का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे मां मुन्नी देवी, पत्नी और दो बच्चों सहित परिवार को छोड़ गया है। सूचना मिलने पर ताजपुर चौकी प्रभारी कपिल कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]