पांचाल घाट गंगा पुल की बदहाली पर जिम्मेदार मौन, हादसे का इंतजार

0
21

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पांचाल घाट स्थित गंगा पुल की बदहाल स्थिति अब राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। पुल पर जगह-जगह जॉइंट खुल गए हैं और गहरे गड्ढे हो गए हैं। कई स्थानों पर पुल का एंगल और सरिया तक टूट चुका है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से मरम्मत कराने के बजाय केवल दो प्लास्टिक के डिवाइडर लगाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान ली गई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेंगे?पांचाल घाट का यह गंगा पुल कई जनपदों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इस पुल से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का भी इसी मार्ग से लगातार आवागमन रहता है, इसके बावजूद पुल की जर्जर हालत किसी को नजर नहीं आ रही है। पुल पर खुले जॉइंट और उखड़े हिस्से दोपहिया वाहन चालकों के लिए विशेष रूप से खतरनाक बने हुए हैं। गड्ढों की गहराई इतनी अधिक है कि वाहन चालकों को निकलते समय हादसे का डर बना रहता है। मंगलवार को भी पुल की हालत बद से बदतर नजर आई।हैरानी की बात यह है कि पुल की बदहाली का मामला जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में भी पहुंच चुका है। बीते दिनों प्रेस वार्ता के दौरान सांसद मुकेश राजपूत से जब पुल की खराब स्थिति को लेकर सवाल किया गया था, तब उन्होंने जिलाधिकारी से वार्ता कर जल्द ही पुल की बेहतर तरीके से मरम्मत कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन आश्वासन के बाद भी धरातल पर कोई काम शुरू नहीं हुआ। पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से पर दो प्लास्टिक डिवाइडर रखकर इतिश्री कर ली गई है।स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि इतने महत्वपूर्ण पुल की अनदेखी करना किसी बड़े खतरे को आमंत्रण देने जैसा है। यदि समय रहते क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। अब सवाल यह है कि पुल की जिम्मेदारी संभालने वाला विभाग कौन है और उसकी जवाबदेही कब तय होगी? क्या प्रशासन किसी की जान जाने के बाद ही पुल की मरम्मत कराएगा?

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]