15 अगस्त से पहले बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा

0
35

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत विशेष अभियान चलाया जाएगा। 10 अगस्त को 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। अभियान में छूटे बच्चों को 14 अगस्त के मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाकर कवर किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग के पास पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध है। वर्तमान में 15,472 एल्बेंडाजोल सिरप और 15,51,632 एल्बेंडाजोल टैबलेट उपलब्ध हैं। आवश्यकता के अनुसार पीएचसी और सीएचसी को दवा उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने सभी एमओआईसी और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य चिन्हित स्थानों पर अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। दवा का केवल वितरण ही नहीं, बल्कि बच्चों द्वारा उसका सेवन सुनिश्चित कराने पर भी विशेष जोर दिया गया है। सीएमओ ने कहा कि बच्चों में कृमि संक्रमण से कुपोषण, एनीमिया और शारीरिक विकास में बाधा उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में निर्धारित समय पर कृमिनाशक दवा का सेवन जरूरी है। उन्होंने एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों को अभियान की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। 14 अगस्त को छूटे बच्चों को खिलाई जाएगी दवा10 अगस्त को अनुपस्थित रहने या किसी अन्य कारण से दवा का सेवन न कर पाने वाले बच्चों के लिए 14 अगस्त को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान छूटे हुए बच्चों को एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा अभियान से वंचित न रहे। सीएमओ ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए अभियान में सहयोग करें और निर्धारित दिवस पर उन्हें कृमिनाशक दवा का सेवन अवश्य कराएं।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]