गंगा की बाढ़ से अमृतपुर क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित, सड़कों पर बह रहा पानी

0
72

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का असर अब अमृतपुर तहसील क्षेत्र में भी दिखाई देने लगा है। कई संपर्क मार्गों पर दो से तीन फुट तक पानी भर जाने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और शिक्षकों को हो रही है, जिन्हें स्कूल पहुंचने के लिए जलभराव वाले रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है।फखरपुर जालिम, फखरपुर बच्चन, करनपुर घाट, बनारसीपुर, किरचन पुलिया, रामप्रसाद नगला, माखन नगला, पंचम नगला और खुशी नगला समेत कई गांवों के संपर्क मार्ग जलमग्न हो गए हैं। इन इलाकों में सड़क पर तेज बहाव के साथ पानी बह रहा है, जिससे बाइक और अन्य वाहनों के आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। मंझा क्षेत्र की महिलाओं ने बताया कि गांवों में बीमारियां बढ़ रही हैं और दवा लेने के लिए उन्हें पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इसके बावजूद अभी तक नाव की व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन के निर्देशों के बावजूद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों ने तत्काल नावों की व्यवस्था करने, स्वास्थ्य शिविर लगाने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]