बीमार मासूम बेटी की हत्या कर पड़ोसियों को फंसाने की साजिश नाकाम, पिता गिरफ्तार

0
70

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) थाना पुलिस ने डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी की हत्या कर पड़ोसियों के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची की मौत पत्थर लगने से नहीं, बल्कि गला दबाने से हुई थी। पुलिस के अनुसार, थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम गुगौरा निवासी बबलू जाटव की डेढ़ वर्षीय पुत्री जिज्ञासा लंबे समय से बीमार थी। 20 जुलाई को बबलू अपनी पत्नी खुशबू के साथ बच्ची का इलाज कराने लोहिया अस्पताल गया था। आरोप है कि उसी रात उसने बच्ची का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद बबलू ने पुलिस को गुमराह करते हुए बताया कि पड़ोसियों द्वारा किए गए पथराव में बच्ची की मौत हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मासूम की मौत गला दबाने से हुई है, शरीर पर पत्थर लगने जैसी कोई गंभीर चोट नहीं मिली। मामले में बबलू की पत्नी खुशबू की तहरीर पर पड़ोसी बबलू पुत्र रामप्रकाश, सुरेन्द्र पुत्र अनूपलाल, मंसाराम पुत्र राजेन्द्र और अंकित पुत्र रामप्रकाश के खिलाफ पुरानी रंजिश के चलते पथराव कर बच्ची की मौत का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस जांच में पथराव की घटना असत्य पाई गई। इसके बाद पुलिस ने बबलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि बच्ची लंबे समय से बीमार थी और इलाज में काफी कर्ज हो गया था। इसी वजह से उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और पड़ोसियों को फंसाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का एक अन्य बच्चा भी पूर्व में बीमारी के चलते मृत्यु का शिकार हो चुका है। मामले में पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]