आवासीय स्कूल में वार्डन की पिटाई से एक दर्जन छात्र घायल, अभिभावकों का हंगामा

0
52

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के नियामतपुर-हथियापुर मार्ग स्थित सीपी स्कूल के आवासीय में मंगलवार देर रात बच्चों के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया। आरोप है कि बोर्डिंग वार्डन सत्यजीत तिवारी ने बिजली जाने के बाद शोर मचा रहे छात्रों पर डंडे और पाइप से हमला कर दिया, जिससे करीब एक दर्जन छात्र घायल हो गए। घटना के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया। जानकारी के अनुसार, स्कूल के बोर्डिंग में कक्षा 1 से 12 तक के 62 छात्र रह रहे हैं। मंगलवार रात करीब 11 बजे अचानक बिजली गुल होने पर परिसर में अंधेरा छा गया। इसी दौरान बच्चों के शोर मचाने पर वार्डन सत्यजीत तिवारी ने कथित रूप से कई छात्रों की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना में कुछ छोटे बच्चे भी डर और दहशत के कारण सहम गए।सूचना मिलते ही थाना मऊ दरवाजा प्रभारी निरीक्षक अजब सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्कूल प्रबंधन को भी घटना की जानकारी दी गई। स्कूल की पूर्व चेयरपर्सन एवं समाजसेवी मिथिलेश अग्रवाल ने घायल बच्चों को अपने निजी अस्पताल, कायमगंज भेजकर एक्स-रे और उपचार की व्यवस्था कराई। पुलिस ने आरोपी वार्डन को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कई अभिभावक रात में ही स्कूल और अस्पताल पहुंच गए, जबकि दूर-दराज के अभिभावक बुधवार सुबह पहुंचे। नाराज अभिभावकों ने स्कूल के बाहर हंगामा किया और कुछ देर के लिए फर्रुखाबाद-कायमगंज मार्ग पर जाम लगाने का भी प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए स्कूल संचालिका मिथिलेश अग्रवाल मौके पर पहुंचीं और अभिभावकों को आश्वस्त किया कि आरोपी वार्डन को तत्काल सेवा से हटा दिया गया है। उन्होंने घायल छात्रों के समुचित उपचार तथा भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया। आश्वासन के बाद अभिभावकों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया। इसके बाद कुछ अभिभावक थाना मऊदरवाजा पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद क्षेत्र में रोष का माहौल है। अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा के मंदिर में बच्चों के साथ इस प्रकार की मारपीट किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं। थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। फिलहाल कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]