850 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को मिला खाद्य सुरक्षा का प्रशिक्षण, स्वच्छता अपनाने का दिया संदेश

0
45

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के उत्तरी क्षेत्रीय कार्यालय तथा उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (यूपीएफएसडीए) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को फर्रुखाबाद में वृहद स्ट्रीट फूड विक्रेता प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खाद्य विक्रेताओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा मानकों और स्वच्छता संबंधी सर्वोत्तम प्रथाओं से अवगत कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने किया। इस अवसर पर एफएसएसएआई के संयुक्त निदेशक अंकेश्वर मिश्रा, उत्तरी क्षेत्रीय कार्यालय की प्रबंधक निमांशी तथा उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त सैय्यद शनावाज़ हैदर आबिदी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि एवं अधिकारियों ने कहा कि स्ट्रीट फूड विक्रेता स्थानीय अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उपभोक्ताओं को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य स्वच्छता के उच्च मानकों का पालन आवश्यक है। उन्होंने विक्रेताओं से अच्छे स्वच्छता अभ्यास (जीएचपी), खाद्य पदार्थों के सुरक्षित निर्माण, भंडारण एवं वितरण तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों का पालन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान एफएसएसएआई की फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन (फोस्टैक) योजना के अंतर्गत लगभग 850 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में व्यक्तिगत स्वच्छता, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित प्रबंधन, क्रॉस-कंटैमिनेशन की रोकथाम, सफाई व्यवस्था, अपशिष्ट प्रबंधन, सुरक्षित भंडारण तथा स्वच्छ विक्रय वातावरण बनाए रखने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही खाद्य व्यवसाय संचालकों को अनुसूची-4 के तहत निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों से भी अवगत कराया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सभी प्रतिभागियों को फोस्टैक प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही उन्हें स्वच्छता अपनाने के लिए हाइजीन किट भी वितरित की गई। एफएसएसएआई के अधिकारियों ने बताया कि देशभर में राज्य खाद्य सुरक्षा विभागों के सहयोग से ऐसे प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि खाद्य व्यवसाय संचालकों को आवश्यक ज्ञान और कौशल प्रदान कर खाद्य सुरक्षा की संस्कृति को मजबूत बनाया जा सके। फर्रुखाबाद में आयोजित यह कार्यक्रम सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण स्ट्रीट फूड को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]