ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्टों ने सांसद को सौंपा ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिले के केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद मुकेश राजपूत के ठंडी सड़क स्थित आवास पहुंचकर स्वास्थ्य मंत्री के नाम मांगपत्र सौंपा। संगठन ने ऑनलाइन दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने की मांग करते हुए 20 मई को प्रस्तावित देशव्यापी बंद की अग्रिम सूचना भी दी।
स्वास्थ्य मंत्री को संबोधित ज्ञापन में दवा व्यापारियों ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री के कारण स्थानीय मेडिकल स्टोर संचालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके साथ ही विभिन्न नियमों और धाराओं के नाम पर दवा विक्रेताओं का उत्पीड़न किए जाने का आरोप भी लगाया गया। व्यापारियों का कहना था कि कभी किसी धारा तो कभी जीआरएस जैसे प्रावधानों के जरिए उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जाता है, जिसे बंद किया जाना चाहिए।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो 20 मई को संगठन के बैनर तले देशभर में दवा कारोबार पूरी तरह बंद रखा जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष रविशंकर चौहान, मंत्री मनोज मिश्रा, रजनीश कटियार, मोहित चौहान, कुनाल चौहान, प्रशांत शाक्य, सूरज यादव, प्रदीप सिंह, अनिल सक्सेना, अनुपम पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।