फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में गेहूँ खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने आज राजकीय गेहूँ क्रय केंद्र, सातनपुर मंडी का आकस्मिक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर रखे विभिन्न अभिलेखों-जैसे टोकन रजिस्टर, खरीद पंजिका और बोरा रजिस्टर—का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों में पारदर्शिता और नियमित अद्यतन प्रविष्टियों को विशेष महत्व देने के निर्देश दिए। मौके पर मौजूद डिप्टी आरएमओ ने जानकारी दी कि अब तक केंद्र पर 40 किसानों से 2828 कुंतल गेहूँ की खरीद की जा चुकी है, जिनमें से 38 किसानों के खातों में भुगतान किया जा चुका है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि खरीद पंजिका में सभी किसानों के मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज किए जाएं, जिससे आवश्यकता पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि क्रय केंद्र पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलती रहें।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी की मौजूदगी में गेहूँ की नमी की जांच कराई गई और इलेक्ट्रॉनिक कांटे की सटीकता भी परखी गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता मानकों से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और खरीद प्रक्रिया में लापरवाही या अनियमितता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गेहूँ खरीद कार्य को निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शी ढंग से संचालित किया जाए और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
गेहूं खरीद केंद्र पर छापेमारी, डीएम ने तौले इंतजाम





