निर्माणाधीन पारेषण केंद्र का डीएम ने किया निरीक्षण, मई तक पूर्ण करने के निर्देश

0
209

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मोहम्मदाबाद क्षेत्र के उखरा स्थित निर्माणाधीन 400/220/132 केवी विद्युत पारेषण केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। करीब 926.77 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस महत्वपूर्ण परियोजना की प्रगति का उन्होंने गहनता से अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता (पारेषण) ने बताया कि केंद्र में 400 केवी की दो विद्युत लाइनें बदायूं से तथा दो लाइनें उरई (जनपद जालौन) से जोड़ी जा रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि परियोजना का निर्माण कार्य मार्च 2024 में शुरू हुआ था, जिसमें 400 केवी स्तर का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 220 केवी एवं 132 केवी स्तर के लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं। शेष कार्य 31 मई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के पूरा होने के बाद फर्रूखाबाद और कन्नौज जनपद में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा और क्षेत्र में निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी।जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने और नियमित मॉनिटरिंग के जरिए कार्य की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]