मधुमक्खियों के हमले से वृद्ध महिला की मौत, बचाने आए परिजन भी घायल

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम सकवाई में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मधुमक्खियों के हमले से 60 वर्षीय वृद्ध महिला सुधीरा देवी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में भय और अफरा-तफरी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुधीरा देवी सुबह करीब 8 बजे घर से दूध लेने निकली थीं। जैसे ही वह पंचायत घर के पास स्थित नीम के पेड़ के पास पहुंचीं, वहां लगे मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक झुंड निकलकर उन पर टूट पड़ा। हमले से घबराकर वह जान बचाने के लिए घर की ओर भागीं, लेकिन मधुमक्खियां उनका पीछा करते हुए घर तक पहुंच गईं।
महिला को बचाने के प्रयास में उनकी बहू सपना देवी, 11 वर्षीय नातिन परी और 5 वर्षीय शौर्य भी मधुमक्खियों के हमले का शिकार हो गए। इसके अलावा आसपास के कुछ अन्य लोग भी घायल हो गए। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने धुआं कर मधुमक्खियों को भगाया।
गंभीर रूप से घायल सुधीरा देवी को तत्काल मोहम्मदाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के परिवार में दो पुत्र राम प्रताप सिंह राठौर व नवीन हैं। घटना की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को दे दी गई है। हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग सतर्कता बरत रहे हैं।