फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आगरा से अपने भाई की शादी में शामिल होने आ रही एक महिला के लाखों रुपये के जेवरात रोडवेज बस में चोरी हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना थाना कादरी गेट क्षेत्र स्थित रोडवेज बस स्टैंड की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आगरा के हलवाई मोहल्ला निवासी मंजू गुप्ता अपने भाई उत्कर्ष की शादी में शामिल होने के लिए फर्रुखाबाद आ रही थीं। बताया गया कि शादी दो दिन बाद होनी है, जिसको लेकर वह जरूरी सामान और जेवरात लेकर निकली थीं।
पीड़िता ने बताया कि आगरा से बेवर तक यात्रा करने के बाद उन्होंने फाउंड्री नगर डिपो की दूसरी रोडवेज बस पकड़ी। बस में एक सीट पर पहले से दो महिलाएं, दो बच्चे और एक पुरुष बैठे थे। मंजू गुप्ता भी उसी सीट पर बैठ गईं।
उनके अनुसार, उनके पास एक थैला था, जिसमें एक पर्स रखा था। पर्स में चार सोने की अंगूठियां, एक गले का हार और दो जोड़ी कान के कुंडल समेत लाखों रुपये के जेवरात रखे थे। फर्रुखाबाद के सेंट्रल जेल चौराहे पर उतरने के बाद जब वह घर पहुंचीं और सामान चेक किया तो पर्स गायब मिला।
घटना का पता चलते ही वह परिजनों के साथ रोडवेज बस स्टैंड पहुंचीं और बस में साथ बैठे यात्रियों को पकड़ लिया। पीड़िता ने उन्हीं पर चोरी का आरोप लगाया।
सूचना पर रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कुमार मौके पर पहुंचे। महिला पुलिस की मौजूदगी में संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गई और करीब आधे घंटे तक पूछताछ की गई, लेकिन उनके पास से कोई जेवरात बरामद नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने सभी को जाने दिया। चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने बताया कि फिलहाल पीड़िता को लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रोडवेज बस में महिला के लाखों के जेवरात चोरी, शादी में जा रही थीं पीड़िता



