कमरे के भीतर पत्नी रही सोती, पति नें उसी में लगा ली फांसी

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के नैनिया नगला गांव में मंगलवार सुबह एक 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अनुज शाक्य का शव घर की रसोई में साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, अनुज मंगलवार रात करीब 11 बजे तक घर पर काम कर रहा था और इसके बाद सोने चला गया। सुबह करीब 5 बजे उसका शव रसोई में लटका मिला। अनुज टेंट हाउस और डीजे का काम करता था और उसकी शादी करीब सात महीने पहले एटा जिले के नकटई अलीगंज निवासी बंदना से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ समय बाद पत्नी मायके चली गई थी और हाल ही में वापस ससुराल आई थी।
घटना को लेकर परिवार में संदेह बना हुआ है। मृतक के बड़े भाई सुनील ने आरोप लगाया कि रसोई की स्थिति को देखते हुए यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या प्रतीत होती है। उनका कहना है कि अनुज को मारकर फंदे पर लटकाया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वहीं, पुलिस का प्राथमिक तौर पर कहना है कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। मऊ दरवाजा थाना प्रभारी अजब सिंह के अनुसार, युवक ने कथित रूप से पत्नी से विवाद के चलते आत्महत्या की है। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।