फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर के पांचाल घाट क्षेत्र में गंगा पुल के नीचे देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर एक किराने की दुकान और पास की झोपड़ी जलकर पूरी तरह राख हो गई। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कादरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुल के नीचे अमेठी निवासी बलवीर की किराने की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया। आग की तेज लपटें पास में बनी नारद निवासी पांचाल घाट की झोपड़ी तक पहुंच गईं, जिससे झोपड़ी में रखा सामान भी जल गया और भारी नुकसान हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
घटना के बाद दुकानदार बलवीर ने एक पड़ोसी पर आग लगाने का आरोप लगाया है। वहीं पांचाल घाट चौकी इंचार्ज मोहित मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्ष नशे की हालत में थे और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस के अनुसार, आग पर देर रात ही काबू पा लिया गया था, लेकिन नुकसान काफी अधिक हुआ है।
पांचाल घाट पुल के नीचे लगी आग, किराना दुकान व झोपड़ी राख




