शहीद रामनारायण आजाद के परिजनों से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय

0
269

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अपने जनपद दौरे के दौरान साहबगंज पहुंचकर क्रांतिकारी शहीद रामनारायण आजाद के निवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया तथा परिवारजनों का हालचाल जाना।
कार्यक्रम के दौरान शहीद के पौत्र बॉबी दुबे ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया और अपने दादा के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान एवं संघर्षों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर बॉबी दुबे ने अपनी लिखित पुस्तक “अग्नि गाथा के नायक शहीद राम नारायण आजाद” अजय राय को भेंट की, जिसे उन्होंने अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे साहित्य से नई पीढ़ी को देशभक्ति और इतिहास की सही जानकारी मिलती है।
अजय राय ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का योगदान देश की अमूल्य धरोहर है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि शहीद रामनारायण आजाद जैसे वीरों के त्याग और बलिदान की वजह से ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रतिबद्ध रही है। इस दौरान उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ऐसे महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेकर देश के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस मौके पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता, क्षेत्रीय नागरिक एवं गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और लोगों ने शहीद के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]