फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर थाना क्षेत्र में सात माह पहले लापता हुए युवक ओमवीर राठौर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बुधवार को मुख्य आरोपी की निशानदेही पर युवक का कंकाल बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
गांव गूजरपुर पमारान निवासी ओमवीर राठौर पुत्र पेशकार राठौर 20 जुलाई 2025 की शाम करीब 7 बजे घर से निकले थे। परिजनों के मुताबिक, गांव का ही रामू यादव उन्हें घर से बुलाकर ले गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। शुरुआत में ओमवीर की मां राजेश्वरी ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जबकि बाद में उनकी पत्नी धर्मशीला ने 31 अगस्त 2025 को थाना अमृतपुर में रामू यादव समेत कई लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया।
मामले में रामू यादव पुत्र अजय पाल, देवेंद्र यादव पुत्र जाहर सिंह, गुलाब सिंह उर्फ तिलक पुत्र फकीरे यादव, सुरजीत यादव पुत्र अजय पाल, श्यामवीर पुत्र कन्हैया लाल और बंटी उर्फ रामऔतार पुत्र मलखान को आरोपी बनाया गया था।
मंगलवार रात थाना अमृतपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी रामू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर बुधवार सुबह फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग स्थित एक मक्के के खेत में जेसीबी से खुदाई कराई गई।
करीब 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गड्ढे से युवक का कंकाल बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से कंकाल के साथ एक तौलिया, चप्पल और शर्ट भी बरामद की है। सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम के सदस्य रविकांत, सचिन और यशनन्दन मौके पर पहुंचे और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






