गेहूं खरीद की तैयारियों की समीक्षा, 30 मार्च से खरीद, केंद्रों को दिए गए सख्त निर्देश

0
254

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) रबि विपणन वर्ष 2026-27 को लेकर जनपद में गेहूं खरीद की तैयारियों की समीक्षा जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बैठक कर की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में क्रय एजेंसियों के जिला स्तरीय अधिकारी, नायब तहसीलदार, मंडी सचिव और केंद्र प्रभारी मौजूद रहे। डीएम ने गेहूं खरीद व्यवस्था को पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान हितैषी बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 42 स्थायी और 3 मोबाइल गेहूं क्रय केंद्र स्वीकृत हैं। सभी केंद्र प्रभारियों को न्यूनतम 100 पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है, जबकि सहकारी समितियों के ग्रामीण केंद्रों पर कम से कम 200 किसानों का पंजीकरण कर खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी केंद्रों पर बोरे, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, छलना, विनोइंग फैन, नमीमापक यंत्र समेत आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में किसानों को समय से भुगतान सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए पंजीकरण के दौरान आधार संख्या को एनपीसीआई मैपर पर बैंक के माध्यम से अपडेट कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि 30 मार्च से सभी क्रय केंद्रों को क्रियाशील करते हुए गेहूं खरीद शुरू कर दी जाए और खरीद “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर की जाए। अधिक आवक की स्थिति में टोकन प्रणाली लागू करने और उसका रजिस्टर में सही अभिलेख रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने सभी केंद्रों पर बोरों की पर्याप्त उपलब्धता, पीसीएसएपी पोर्टल पर पंजीकरण और फील्ड स्तर पर सत्यापन कार्य समय से पूरा करने को कहा। साथ ही पीसीएफ के नए केंद्र प्रभारियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। अंत में डीएम ने कहा कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारु ढंग से लागू कर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]