नाबालिक से दुष्कर्म के आरोपी को मुठभेड़ में लगी गोली, सिपाही भी घायल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कमालगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी अशोक राजपूत को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही भी जख्मी हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी अशोक राजपूत पुत्र अनंतराम को घेराबंदी कर दबोचा गया।
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को पहले सीएचसी कमालगंज ले जाया गया, जहां से हालत को देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। वहीं सिपाही लोकेंद्र सिंह के दाहिने हाथ में गोली लगने से वह भी घायल हो गया।
घटना थाना कमालगंज के ग्राम मोहनपुर दीनारपुर की है, जहां गांव में भागवत कथा चल रही थी। इसी दौरान 8 वर्षीय बालिका वहां पहुंची थी। आरोप है कि गांव का युवक अशोक राजपूत उसे बहला-फुसलाकर अपने खेत की मड़ैया में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही घटना किसी को न बताने की धमकी भी दी।
घर पहुंचने पर बालिका ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन उसे शाम करीब 4 बजे सीएचसी कमालगंज लेकर पहुंचे। महिला डॉक्टर की अनुपस्थिति में डॉ. मानसिंह वर्मा ने प्राथमिक जांच के बाद उसे लोहिया अस्पताल रिफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश में बीती रात रजीपुर चौराहा मंदिर के पास चकरोड़ पर घेराबंदी की गई। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्यवाही में प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार और उप निरीक्षक विमल कुमार ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी अशोक के बाएं पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।