शहर में जाम की बड़ी वजह बने ई-रिक्शा, नो-एंट्री व्यवस्था बेअसर

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है, जिसकी प्रमुख वजह ई-रिक्शा बनते जा रहे हैं। ये न केवल आम जनता की परेशानी का कारण हैं, बल्कि पुलिस प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती साबित हो रहे हैं।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात प्रभारी सत्येंद्र सिंह द्वारा लाल गेट फब्बारे के पास नो-एंट्री क्षेत्र में होमगार्ड, पीआरडी जवान, महिला कांस्टेबल और एक दीवान समेत करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके बावजूद ई-रिक्शा और अन्य वाहन नो-एंट्री का उल्लंघन करते हुए धड़ल्ले से प्रवेश कर रहे हैं, जिससे शहर में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है।
शहर के प्रमुख चौराहों-लाल गेट, लिंजीगंज, तलैया फजल इमाम मोड़, खटकपुरा और घूमना तिराहा-पर भी पुलिसकर्मी तैनात हैं, लेकिन हालात में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। इन स्थानों से ई-रिक्शा बिना रोक-टोक नो-एंट्री क्षेत्र में घुस जाते हैं और लाल सराय से लेकर लाल गेट तक यातायात पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।
हालांकि पुलिस समय-समय पर अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करती है, लेकिन इसका असर स्थायी रूप से नहीं दिखता। वहीं नगर पालिका द्वारा पिछले एक वर्ष से ई-रिक्शाओं का पंजीकरण, नंबरिंग और रूट निर्धारण किया जा रहा है, फिर भी समस्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन इस अव्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर पाएगा, या फिर फर्रुखाबाद की सड़कों पर जाम और अव्यवस्था का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा। यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया जिन जगहों पर ड्यूटी लगी है, उनको चेक किया जाएगा और नो एंट्री में ई-रिक्शा घुसाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी