महिला प्रधान से रिश्वत लेने के आरोप में दरोगा पर मुकदमा दर्ज

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में भ्रष्टाचार के एक मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली मोहम्मदाबाद में तैनात दरोगा सुरेश चाहर के खिलाफ कोतवाली फतेहगढ़ में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत निसाई की प्रधान गीता देवी की शिकायत की जांच में आरोप सही पाए गए। इसके बाद संबंधित दरोगा के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई। प्रधान गीता देवी ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत को लेकर जब वह थाना मोहम्मदाबाद गईं, तो जांच और कार्रवाई के नाम पर दरोगा द्वारा उनसे पैसे की मांग की गई। आरोप है कि दरोगा ने अपने पुत्र पंकज चाहर के खाते में तथा नकद रूप से कुल 75 हजार रुपये लिए, जबकि कुछ रकम यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग तिथियों में ली गई।
शिकायत के समर्थन में प्रधान द्वारा यूपीआई लेनदेन से संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और दरोगा के निलंबन की संभावना जताई जा रही है।
बताया गया कि प्रधान के पति सत्येंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने देर रात अपने कार्यालय में प्रधान के बयान दर्ज किए। वहीं, प्रधान द्वारा उच्च अधिकारियों को भी प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार नें बताया की मामले में आरोपी दारोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है | विभागीय जाँच की जा रही है|