प्रतिमा पुनर्स्थापन को लेकर मोहम्मदाबाद में बढ़ी हलचल, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता)ब्लॉक गेट के समीप स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पुनर्स्थापन को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते प्रतिमा को अन्य स्थान पर स्थापित करने की आवश्यकता सामने आई है।
भीम आर्मी के जिला उपाध्यक्ष डॉ. रामदास सागर द्वारा लंबे समय से प्रतिमा को कस्बा चौराहा अथवा ब्लॉक गेट के बाहर उत्तर दिशा में स्थित खाली भूमि पर स्थापित किए जाने की मांग की जा रही है। बताया जा रहा है कि तहसील एवं नगर पंचायत स्तर से भी उक्त स्थान के पक्ष में सिफारिश की गई है।
हालांकि, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मोहम्मदाबाद ने प्रस्तावित स्थल पर ब्लॉक का एक अतिरिक्त प्रवेश द्वार बनाए जाने की संभावना जताई है, जिसके चलते प्रतिमा स्थापना को लेकर सहमति नहीं बन सकी है। इस पर संबंधित पक्ष का कहना है कि ब्लॉक परिसर के आसपास अन्य स्थान उपलब्ध हैं, जहां वैकल्पिक व्यवस्था की जा सकती है।
मंगलवार को इस मुद्दे को लेकर भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें समस्या के शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई। बैठक के बाद जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन मोहम्मदाबाद क्षेत्राधिकारी को सौंपा गया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) एवं प्रभारी निरीक्षक ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में भीम आर्मी जिलाध्यक्ष जयद्रथ कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष नितिन गौतम सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।