फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेखपुर में गुरुवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम शेखपुर निवासी अनीस की 25 वर्षीय पत्नी जूली गुरुवार रात घर में सास और चचिया सास के साथ होली के त्योहार को लेकर गुजिया बना रही थी। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई और पति के साथ भोजन कर सो गई। देर रात लगभग दो बजे उसने कमरे में छत के पंखे के कड़े में साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। फांसी के दौरान साड़ी खुल
जाने से वह नीचे बिस्तर पर गिर गई, जिससे पति अनीस की नींद खुल गई। परिजन तुरंत उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला और चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा और मजिस्ट्रेट सन्नी कन्नौजिया भी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किये। मजिस्ट्रेट सन्नी कन्नौजिया की
मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया गया है कि जूली की शादी 15 फरवरी 2023 को हुई थी। उसके दो वर्ष का एक पुत्र और आठ माह की एक पुत्री है। घटना के बाद सास शशिकला का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं मृतका के भाइयों सन्नी, राहुल और शिवम ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट की भी बात सामने आई है। क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि मामले में फौती सूचना दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






