एक ही रात में दो घरों से लाखों की चोरी, पीड़ितों ने दी तहरीर

फर्रुखाबाद:(मेरापुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम अर्जुनपुर में चोरों ने दो अलग-अलग मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित प्रमोद सिंह और अवधेश सिंह ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
21 फरवरी की रात प्रमोद सिंह की मां बिट्टन देवी घर में अकेली थीं और बरामदे में सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर मुख्य द्वार का ताला तोड़कर भीतर घुस दाखिल हुए । चोरों ने अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर सोने की दो चैन, तीन अंगूठियां, झुमकी तथा लगभग आठ हजार रुपये नगद पार कर लिए। सुबह उठने पर बिट्टन देवी को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची।
घटना की जानकारी मिलने पर दिल्ली में रह रहे प्रमोद सिंह भी घर पहुंच गए। वहीं पड़ोसी अवधेश सिंह ने भी पुलिस को बताया कि उसी रात उनके घर से सोने की चार चूड़ियां, एक हार, चार अंगूठियां और करीब चालीस हजार रुपये नगद चोरी हो गए। उनका कहना है कि चोर पड़ोसी नरेंद्र सिंह परिहार के मकान में सीढ़ी लगाकर घुसे थे, लेकिन उनके भाई के पौत्र की नींद खुलने पर चोर भाग निकले। पीड़ितों का आरोप है कि तहरीर देने के बावजूद थाना पुलिस ने अभी तक न तो मुकदमा दर्ज किया है और न ही मौके पर पहुंचकर गहन जांच की है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है|