फर्जी फॉर्म 7 को लेकर सियासत तेज, सपा ने लगाये गंभीर आरोप

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) निर्वाचन आयोग द्वारा चलाई जा रही एसआईआर प्रक्रिया के अंतर्गत फॉर्म 7 को लेकर जनपद में विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने एक बार फिर सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर बड़ी संख्या में कथित फर्जी फॉर्म 7 मिलने का दावा किया है और भाजपा पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया है।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव एवं जिला महासचिव इलियास मंसूरी के नेतृत्व में सदर विधानसभा क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी में बूथ संख्या 83 पर 80 फॉर्म वैभव अग्निहोत्री के नाम से, बूथ संख्या 85 पर 87 फॉर्म ऋषभ दुबे के नाम से, बूथ संख्या 86 पर 46 फॉर्म अरविंद श्रीवास्तव के नाम से तथा बूथ संख्या 87 पर 63 फॉर्म विनीत वाजपेई के नाम से बरामद किए गए| जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को समाप्त कर तानाशाही स्थापित करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी फॉर्म देने वालों के खिलाफ कार्रवाई न होना यह दर्शाता है कि सरकार स्वयं इस कृत्य में संलिप्त है। जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने बताया कि अरविंद श्रीवास्तव एवं विनीत वाजपेयी के घर जाकर संपर्क किया गया, जहां संबंधित व्यक्तियों ने फॉर्म जमा करने से मना किया और कहा कि उनके फर्जी हस्ताक्षर कर गलत तरीके से आवेदन जमा किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी से मिलकर पूरी जानकारी दी जाएगी और पार्टी नेतृत्व को भी अवगत कराया जाएगा। जिला सचिव शिव शंकर शर्मा, विनय भारद्वाज, शीलू खां सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।