फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सोमवार को सी.पी. इंटरनेशनल स्कूल में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में एआरटीओ (प्रशासन) कृष्ण कुमार यादव ने छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया।
एआरटीओ ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में सड़क दुर्घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिनका मुख्य कारण लापरवाही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप
से प्रयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें तथा नशे की हालत में कभी भी वाहन न चलाएं। साथ ही यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग न करने और वाहन के सभी प्रपत्र पूर्ण रखने की सलाह दी।
उन्होंने अवयस्कों द्वारा वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए बताया कि मोटर वाहन संशोधन अधिनियम 2019 की धारा 199क के अंतर्गत किशोर द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर संरक्षक या वाहन स्वामी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसमें तीन वर्ष तक कारावास, 25 हजार रुपये तक जुर्माना तथा वाहन का पंजीकरण एक वर्ष तक निरस्त किए जाने का प्रावधान है। साथ ही ऐसे मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस 25 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद ही बन सकेगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय विष्ट ने विद्यार्थियों को अनुशासन का पालन करने और 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने से पहले वाहन न चलाने की हिदायत दी। कार्यक्रम के अंत में सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। विद्यालय की निर्देशक मिथलेश अग्रवाल रहीं |
छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को दिलाई गई सड़क सुरक्षा की शपथ



