गंगा तटबंध निर्माण की मांग को लेकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

0
343

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) गंगा के दोनों किनारों पर स्थायी तटबंध निर्माण की मांग को लेकर तटबंध बनाओ जनसंघर्ष समिति ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। गुरुवार को समिति के अध्यक्ष भइयन मिश्रा (आशीष मिश्रा) की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने अमृतपुर तहसील पहुंचकर तहसीलदार शशांक सिंह को लिखित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि गंगा के दोनों ओर मजबूत और स्थायी तटबंध का निर्माण कराया जाए, जिससे प्रतिवर्ष आने वाली बाढ़ से क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। समिति ने विशेष रूप से अटेना घाट से कढ़हर होते हुए कलर तक तटबंध निर्माण कराने की मांग उठाई।
समिति का कहना है कि हर साल गंगा की बाढ़ से सैकड़ों गांव प्रभावित होते हैं। किसानों की फसलें नष्ट हो जाती हैं और हजारों बीघा भूमि कटान की चपेट में आ जाती है। ग्रामीणों के सामने आवागमन, शिक्षा और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे में स्थायी तटबंध निर्माण ही इस समस्या का स्थायी समाधान है। समिति ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र तटबंध निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं, अन्यथा क्षेत्र की जनता व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में राजीव प्रताप, अनूप प्रधान, नितेश मिश्रा, अंकित राठौर, कोमल पांडेय, अखिलेश प्रधान, रंगोली रहे।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]