एक ही रात में कई घरों को बनाया निशाना, छह लाख की चोरी; क्षेत्र में दहशत

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम नगला तिपेडन में बीती रात अज्ञात चोरों ने ध्रुव शाक्य के घर धावा बोलकर करीब छह लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी पार कर दी। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलित किए।
बताया गया कि चोर पीछे की ओर से मकान पर चढ़कर छत के रास्ते अंदर घुसे और ऊपर बने कमरे का ताला तोड़ दिया। कमरे में रखे दो सोने की अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी झाले, सोने की जंजीर, आधा तोले का कमरबंद, दो जोड़ी पायल, आठ जोड़ी बिछिया, सोने की ‘हाय’ व ‘ओम’ लॉकेट, बच्चों के दो जोड़ी खड़ुआ समेत अन्य जेवरात चोरी कर लिए। इसके अलावा नाती की गुल्लक से लगभग 10 हजार रुपये और माता राममूर्ति के 800 रुपये भी उठा ले गए। घटना के समय परिवार के सदस्य नीचे के कमरों में सो रहे थे।
सुबह जब ध्रुव की बेटी दिव्या छत पर गई तो कमरे का टूटा कुंडा देखकर शोर मचाया। तलाश करने पर घर से करीब 500 मीटर दूर प्रबल शाक्य के सरसों के खेत में दो खाली बक्से पड़े मिले। डायल 112 को सूचना दी गई, जिसके बाद चौकी प्रभारी जसवीर सिंह को अवगत कराया गया।
सूत्रों के अनुसार, चोरों ने गांव के अन्य मकानों में भी वारदात का प्रयास किया। जगन्नाथ के पुत्र विजय के घर दीवार के सहारे छत पर चढ़कर अंदर घुसे और कमरों की तलाशी ली, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। विजय परिवार सहित चंडीगढ़ में रहता है। इसके बाद रतिराम के पुत्र सुरजीत के घर भी पीछे से प्रवेश कर खोजबीन की गई, पर वहां से भी कुछ बरामद न होने पर चोर सामने के दरवाजे से निकल गए।
इसी क्रम में चौकी क्षेत्र के ग्राम धीरपुर में धीरेंद्र सिंह के पुत्र अजेंद्र सिंह के घर भी चोर छत के रास्ते उतरे। उन्होंने बच्चों विशाल व कोमल तथा माता शर्मी देवी के कमरे को बाहर से बंद कर अन्य कमरे में तलाश शुरू की। इसी दौरान कोमल की आंख खुल गई और उसने भाई को आवाज दी। आहट मिलते ही चोर मौके से फरार हो गए, जिससे वहां कोई नुकसान नहीं हुआ। एक ही रात में कई घरों को निशाना बनाए जाने से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।