कटर व जेसीबी फेल! दूसरी बार भी नही हट सका अबैध कब्जा

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नगला मलू में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच बीते लगभग 14 वर्षों से न्यायालय फतेहगढ़ में मुकदमा विचाराधीन है। एक पक्ष में जगत सिंह, सेवानिवृत्त दारोगा हैं, जबकि दूसरे पक्ष में राज बहादुर, धर्मवीर सहित अन्य लोग शामिल हैं।
पीड़ित पक्ष के राजकुमार का आरोप है कि सेवानिवृत्त दारोगा जगत सिंह ने उनकी लगभग 10 फीट चौड़ी रास्ते की भूमि पर कब्जा कर उस पर भवन का निर्माण कर लिया है। मामले में न्यायालय के आदेश पर बीते 3 फरवरी को पुलिस बल मौके पर पहुंचा था, लेकिन भवन को ध्वस्त किए बिना ही वापस लौट गया। रविवार को एक बार फिर न्यायालय के आदेश के अनुपालन में क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, कोतवाली प्रभारी विनोद शुक्ला, अपराध निरीक्षक मुन्ना लाल पुलिस बल के साथ अमीन शिव ओम पाण्डेय एवं जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे। कब्जे वाली भूमि पर बने भवन के हिस्से को ध्वस्त करने के लिए जेसीबी लगाई गई, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से जेसीबी भवन को नुकसान नहीं पहुंचा सकी।
इसके बाद पुलिस द्वारा कटर मशीन मंगाई गई, लेकिन वह भी काम नहीं कर सकी। हाथ से चलने वाली मशीन का भी प्रयोग किया गया, जो विफल रही। इस पूरी कार्रवाई को देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी जेसीबी मशीन से पहले माफिया अनुपम दुबे का चार मंजिला होटल और चौक स्थित टाइम सेंटर को ध्वस्त किया जा चुका है, लेकिन इस बार एक मंजिला भवन का छज्जा तक नहीं गिर सका। फिलहाल न्यायालय का आदेश दूसरी बार बिना अनुपालन के वापस लौट गया है, जिससे कार्रवाई की निष्पक्षता और प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा नें जेएनआई न्यूज कों बताया कि 10 फिट चौड़ा व 50 फिट लम्बी एक भूमि के टुकडे पर कब्जे का विवाद है | ध्वस्तीकरण का आदेश था, पुलिस मौके पर गयी थी, लेकिन जो ध्वस्ती करण के उकरण थे वह ठीक नही थे, लिहाजा कब्जा नही हटाया जा सका | आगे अमीन के आने पर पुन : प्रयास किया जायेगा