इनवर्टर बैटरी फटने से युवक घायल, आंखों में पड़ा तेजाब

0
378

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव झंडी की मढ़ैया में इनवर्टर बैटरी फटने से एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर हल्का इंचार्ज मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी प्रदीप पुत्र तोताराम के घर बरामदे में रखी दो बैटरियां, जो इनवर्टर से जुड़ी थीं, अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गईं। धमाके के समय प्रदीप पास में ही खड़ा था। बैटरी फटने से निकले तेजाब के छींटे उसकी आंखों में पड़ गए, जिससे वह घायल हो गया।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि इनवर्टर और दोनों बैटरियां क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थीं। घटना की सूचना अमृतपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर हल्का इंचार्ज कल्लू सिंह मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस के अनुसार घायल युवक को निजी वाहन से अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक जांच में इनवर्टर बैटरी लोकल कंपनी की बताई जा रही है, जिसे राजपुर मार्केट से खरीदा गया था। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने स्थानीय स्तर पर बिक रही घटिया इनवर्टर बैटरियों पर सवाल उठाए। लोगों ने आमजन से अपील की है कि सस्ती और लोकल बैटरियां खरीदने से बचें, क्योंकि इससे जान का खतरा हो सकता है। गनीमत रही कि घटना के समय घर में मौजूद अन्य परिजन और बच्चे बाल-बाल बच गए।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]