फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना राजेपुर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। रामनगरिया मेला देखकर घर लौट रही महिला को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाते समय महिला ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम खंडौली निवासी मनोज कुमार की 48 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी 27 जनवरी की शाम करीब 6:30 बजे अपनी पुत्री अंशुल के साथ पांचाल घाट स्थित रामनगरिया मेला देखकर वापस लौट रही थीं। फर्रुखाबाद–बरेली मार्ग (एनएच-730सी) पर शेराखार तिराहे के पास इटावा डिपो की उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज व अनियंत्रित गति में थी और चालक ने न तो हॉर्न दिया और न ही कोई संकेत, जिससे महिला संभल नहीं सकीं। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल अवस्था में सुनीता देवी को परिजन डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय, फर्रुखाबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते
हुए उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज (इटावा) रेफर कर दिया। राजकीय एंबुलेंस से सैफई ले जाते समय रात करीब 11:55 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका का पोस्टमार्टम 28 जनवरी को सैफई में कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पति मनोज कुमार ने थाना राजेपुर में तहरीर देकर रोडवेज बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उप निरीक्षक अशुतोष यादव को सौंपी गई है।
तेज रफ्तार रोडवेज बस ने महिला को कुचला, इलाज के दौरान मौत



