मानवता शर्मसार: 48 घंटे में दूसरा नवजात शव बरामद, फतेहगढ़ क्षेत्र में सनसनी

0
445

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के इटावा–बरेली हाईवे के पास स्थित एक खाली प्लॉट में रविवार सुबह एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
सुबह के समय स्थानीय लोगों की नजर खाली प्लॉट में पड़े नवजात के शव पर पड़ी, जिसे देखकर आसपास के लोग सन्न रह गए। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नवजात शिशु बालक था और पूर्ण विकसित प्रतीत हो रहा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि गर्भावस्था की अवधि लगभग नौ माह की रही होगी। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि शिशु का जन्म कुछ ही घंटे पहले हुआ था, जिसके बाद उसे यहां लाकर छोड़ दिया गया।
फतेहगढ़ कोतवाली के अपराध निरीक्षक तेज सिंह ने बताया कि नवजात का शव बरामद कर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शिशु को किसने और किन परिस्थितियों में यहां छोड़ा। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में बीते 48 घंटों के भीतर यह दूसरी घटना है। इससे पहले शनिवार को भी इसी क्षेत्र से एक नवजात का शव बरामद हुआ था, जिसका पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस द्वारा अंतिम संस्कार कराया गया था। लगातार दो दिनों में नवजात शिशुओं के शव मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही इन घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों ने पुलिस और प्रशासन से मामले का शीघ्र खुलासा करने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]