फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) श्यामनगर बस्ती स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, श्यामनगर फर्रुखाबाद के वंदना सभागार में शनिवार को भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य समाज में हिंदुत्व की भावना, सांस्कृतिक मूल्यों तथा राष्ट्रीय चेतना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, पुष्पार्चन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ किया गया। सम्मेलन में विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार रखकर श्रोताओं को प्रेरित किया। मुख्य वक्ता संजीव सोमवंशी ने अपने उद्बोधन में हिंदुत्व एवं पंच परिवर्तन विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सामाजिक समरसता, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य एवं पारिवारिक मूल्यों को अपनाकर ही एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण संभव है।
श्री सुदेश दुबे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डालते हुए संघ द्वारा सामाजिक, शैक्षिक एवं राष्ट्र निर्माण
के क्षेत्र में दिए गए योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि संघ की विचारधारा आज भी राष्ट्र को सही दिशा देने का कार्य कर रही है।
साध्वी सुलभा भारती ने अपने ओजस्वी संबोधन में हिन्दू धर्मग्रंथों के पठन-पाठन पर विशेष बल देते हुए कहा कि वेद, उपनिषद, श्रीमद्भगवद्गीता एवं पुराण केवल धार्मिक ग्रंथ ही नहीं, बल्कि मानव जीवन को दिशा देने वाली श्रेष्ठ मार्गदर्शिकाएँ हैं।
कार्यक्रम को भावनात्मक ऊँचाई कन्हैया लाल शर्मा की प्रभावशाली कविता ने प्रदान की। उनकी कविता ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्र, संस्कृति और हिंदुत्व के प्रति भावविभोर कर दिया।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, शिक्षक, विद्यार्थी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य रामकृष्ण बाजपेई ने आए हुए सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती, राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना के संकल्प के साथ हुआ।
हिंदुत्व, पंच परिवर्तन और सांस्कृतिक चेतना पर हुआ सार्थक विमर्श



