फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता)थाना कमालगंज क्षेत्र में चोरी के एक मामले में वांछित 25 हजार के ईंनामी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस व बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार के ग्राम बलीपुर थाना कमालगंज निवासी राजकिशोर पुत्र तेज सिंह के विरुद्ध 29 अक्टूबर 2025 को ग्राम नगला दाउद निवासी अनीस अहमद की दुकान का ताला तोड़कर सोलर प्लेट सहित अन्य सामान एवं 12 हजार रुपये चोरी करने के मामले में थाना कमालगंज पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान
मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई थी।
24 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खैमरेगाई तिराहा के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी राजकिशोर के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज भेजा गया।
घटना के संबंध में थाना कमालगंज पर आरोपी राज किशोर के विरुद्ध मुकदमा आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसने बताया कि 28 अक्टूबर 2025 की रात उसने अपने साथियों के साथ गौसपुर क्षेत्र में चोरी की थी। चोरी का माल वह अपने साथी के साथ कहीं और ले जाने की तैयारी में था, इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर मय दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक बड़ा बैट्री, एक प्लास्टिक की झाल तथा रस्सी सहित एक प्लास्टिक की बोरी बरामद की है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
मुठभेड़ में चोरी का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली



