दीपक की लौ से लगी आग, गृहस्थी का सामान जलकर राख, नकदी व कपड़े खाक

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम नगला हुसा में पूजा के दौरान जल रहे दीपक की लौ से अचानक घर में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते कमरे में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने से नकदी सहित दहेज का सामान, कपड़े और अन्य घरेलू वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं।
पीड़िता कलावती ने बताया कि पूजा करने के बाद वह बाहर चबूतरे पर आग तापने लगी थीं, तभी कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया। जब वह अंदर पहुंचीं तो गृहस्थी का सामान जलता देख उनके होश उड़ गए। उस समय बहू स्नान कर रही थी, आग की जानकारी होते ही वह भी घबरा गई।
कलावती के अनुसार कमरे में रखा दहेज का सामान भी आग की चपेट में आ गया। करीब 10 हजार रुपये नकद, दो दर्जन से अधिक बक्सों में रखी साड़ियां, सोफा सेट, रजाई-गद्दे सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घर के मुखिया हवलदार पुत्र राधेश्याम उस समय मजदूरी के लिए गांव में ही बाहर गए हुए थे। घर में सास, बहू, बच्चे व लड़कियां मौजूद थीं।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए नल के पानी से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना ग्राम प्रधान रामबरन को दी गई, जो मौके पर पहुंचे। प्रधान द्वारा लेखपाल को फोन किया गया, लेकिन लेखपाल ने फोन नहीं उठाया, जिससे पीड़ित परिवार में नाराजगी देखी गई।