अश्लील मैसेज भेजनें में सांसद के पुत्र नें दर्ज कराया केस

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) सांसद मुकेश राजपूत के पुत्र अमित राजपूत ने थाना कादरीगेट में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि बीते लगभग 10–11 महीनों से अज्ञात मोबाइल नंबरों और एक फर्जी फेसबुक आईडी के माध्यम से प्रार्थी की पत्नी के नाम का दुरुपयोग कर अश्लील मैसेज भेजे जा रहे हैं तथा जानबूझकर परिवार की सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
अमित राजपूत के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति द्वारा व्हाट्सएप कॉल, टेक्स्ट मैसेज और फेसबुक पोस्ट के जरिए न केवल उन्हें बल्कि उनके परिजनों और परिचितों को भी आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं। हाल के दिनों में अज्ञात आरोपी द्वारा सांसद मुकेश राजपूत के चरित्र पर भी टिप्पणी करते हुए एक महिला के साथ फोटो वायरल की गई, जिससे परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
अमित राजपूत का कहना है कि आरोपी को उनके परिवार की पूरी जानकारी है, इसी कारण लगातार मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। इस मामले में पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल सका। लगातार मिल रहे मैसेज और कॉल के कारण पूरा परिवार मानसिक तनाव में है। थाना कादरीगेट पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी|