फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी फर्रुखाबाद श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार 19 दिसंबर 2025 से 17 जनवरी 2026 तक ‘नो हेलमेट–नो पेट्रोल’ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश द्विवेदी एवं
एआरटीओ सुभाष राजपूत के साथ नगर क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान खान ऑटोमोबाइल्स तथा आरपी फिलिंग स्टेशन पर बिना हेलमेट पेट्रोल लेने पहुंचे दोपहिया वाहन चालकों के कुल 25 वाहनों के चालान किए गए।
अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना हेलमेट किसी भी दोपहिया वाहन चालक को पेट्रोल न दिया जाए। वहीं, ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत मदिरापान कर वाहन चला रहे एक बाइक सवार को पकड़ा गया, जिस पर 8,000 रुपये का चालान किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हेलमेट-नो पेट्रोल’ अभियान, 25 वाहनों के चालान



