बिहार हिन्दी सम्मेलन में साहित्यकार ज्योति स्वरूप अग्निहोत्री सम्मानित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बिहार की राजधानी पटना में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिन्दी साहित्य सम्मेलन में साहित्यकार ज्योति स्वरूप अग्निहोत्री को उनकी साहित्यिक सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। बिहार के राज्यपाल डॉ. आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें संस्था का सर्वोच्च सम्मान पं. मोहन लाल महतो ‘वियोगी’ स्मृति सम्मान प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी साहित्यकार ज्योति स्वरूप अग्निहोत्री को अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। थावे विद्यापीठ, गोपालगंज (बिहार) के कुलपति डॉ. जंग बहादुर पांडेय द्वारा उन्हें विद्या वाचस्पति की उपाधि प्रदान की गई थी। वहीं, संस्कृत महाकाव्य श्री हनुमच्चरितम् पर शोध कार्य के लिए कालिदास संस्कृत अकादमी, उज्जैन द्वारा उन्हें सर्वोच्च कालिदास सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त क्रिस्तु जयंती विश्व विद्यालय, बेंगलुरू के प्रोफेसर डॉ. साईंनाथ ने भगवान परशुराम पर आधारित उनके महाकाव्य के अंश को पाठ्यक्रम में शामिल कराने का आश्वासन भी दिया है।
साहित्यकार ज्योति स्वरूप अग्निहोत्री को मिले इन सम्मानों से जनपद सहित साहित्य जगत में हर्ष का वातावरण है। साहित्य प्रेमियों एवं विद्वानों ने इसे हिन्दी व संस्कृत साहित्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।