फर्रुखाबाद:(शमसाबाद संवाददाता) कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय रजलामई में गुरुवार दोपहर अचानक तीन छात्राओं की तबीयत खराब होने का मामला सामने आया। बीमार छात्राओं में कक्षा 7 की छात्रा रंगोली पुत्री सुरेंद्र कुमार की स्थिति ज्यादा बिगड़ गई। उसे बुखार आने के बाद चक्कर आने लगे, जिसके बाद विद्यालय प्रशासन ने परिजनों को तत्काल सूचना दी। विद्यालय में कुल 100 बालिकाएं पंजीकृत हैं, जबकि घटना के समय 86 छात्राएं उपस्थित थीं। दोपहर लगभग पढ़ाई के दौरान रंगोली की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे चक्कर आने लगे। स्टाफ ने स्थिति को देखते हुए तुरंत प्राथमिक कार्रवाई की और परिजनों को फोन कर सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही छात्रा के पिता सुरेंद्र कुमार विद्यालय पहुंचे और बेटी को इलाज हेतु अस्पताल ले गए।
रंगोली के पिता ने बताया कि उन्हें फोन द्वारा जानकारी दी गई कि बेटी अस्वस्थ है और स्थिति ठीक नहीं लग रही। जिसके बाद वह तुरंत विद्यालय पहुंचे और बेटी को जांच एवं उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले गए।
इसी दौरान विद्यालय की दो और छात्राएं मानवी कक्षा 7 और कृति कक्षा 3 भी अस्वस्थ बताई गईं। दोनों छात्राओं के परिजनों को भी विद्यालय की ओर से सूचना दी गई, जिनके बाद वे अपनी बच्चियों को घर लेकर चले गए। प्रभारी वार्डन भावना ने बताया कि घटना के समय विद्यालय की वार्डन अवकाश पर थीं। उन्होंने कहा कि रंगोली को बुखार व चक्कर आने पर तुरंत परिजनों को सूचना दे दी गई थी और परिजन उसे अस्पताल ले गए।छात्राओं के बीमार होने की सूचना के बाद विद्यालय में अभिभावकों के बीच चिंता बढ़ गई है। फिलहाल तीनों छात्राओं का उपचार जारी है।
कस्तूरबा विद्यालय शमसाबाद में तीन छात्राएं बीमार, परिजन को दी सूचना




