रेलिंग तोड़ ट्रक रागंगा में समाया,सात दिन बाद भी रेस्क्यू फेल

फर्रुखाबाद:(राजेपुर/अल्लागंज संवाददाता)बेबर–पीलीभीत राजमार्ग एनएच 730C पर रामगंगा नदी के पुल पर सात दिन पहले मंगलवार की रात गन्ना लदा ट्रक हादसे का शिकार हो गया था। ट्रक चालक राजपाल, निवासी रुस्तमपुर (मुरादाबाद) के मुताबिक, वाहन रूपापुर (हरदोई) की चीनी मिल जा रहा था। चालक ने बताया कि हादसे का कारण पुल के बीच बने गहरे गड्ढे के कारण स्टेरिंग फेल होना बताया जा रहा है। अनियंत्रित ट्रक पुल की रेलिंग तोड़कर करीब 25 फीट गहरी नदी में जा गिरा था। चालक के अनुसार, उसे तैरना नहीं आता, लेकिन कई प्रयासों और गोते लगाने के बाद वह लगभग एक किलोमीटर बहाव के साथ किनारे पहुंचकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। रेस्क्यू अभियान सात दिन बाद भी अधूरा एक सप्ताह बीतने के बाद भी ट्रक को नदी से निकालने में सफलता नहीं मिल सकी है। नदी की गहराई, तेज बहाव और मुख्य धारा के कारण रेस्क्यू लगातार चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। गोताखोरों की टीम, स्थानीय ग्रामीणों की मदद और बड़ी क्रेन लगने के बावजूद अब तक ट्रक नदी की तलहटी में फंसा हुआ है।प्रशासन ने पुल की खराब स्थिति और आवागमन को देखते हुए पुल के ऊपर क्रेन लगाने की अनुमति नहीं दी थी। इसी वजह से वाहन स्वामी और स्थानीय लोग वैकल्पिक तरीके तलाश रहे हैं। गुरुवार को फिर होगा प्रयास ट्रक मालिक ने दिल्ली से टू-चेन रस्सा मंगाया है तथा स्थानीय क्रेन संचालकों से भी संपर्क किया है। नदी से ट्रक निकालने में लाखों रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है।