फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)सी.पी. इंटरनेशनल स्कूल, फर्रुखाबाद में जंबूरी प्रतिभागियों के लिए आयोजित दो दिवसीय पूर्व प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण समापन हुआ। दो दिनों तक चले इस शिविर में स्काउट एवं गाइड प्रतिभागियों ने अनुशासन, सेवा और टीम भावना का अनुकरणीय प्रदर्शन करते हुए स्काउटिंग की सच्ची भावना को जीवंत कर दिखाया| समापन दिवस पर आयोजित जंबूरी बेस कार्यक्रमों के अंतर्गत टेंट निर्माण, गेट निर्माण, फूड प्लाज़ा, भुने आलू, नमकीन, आर्ट एंड क्राफ्ट, कारचोप आदि गतिविधियों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनों में फर्रुखाबाद की लोक संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन और हस्तशिल्प कलाओं की झलक देखने को मिली, जिसने सभी दर्शकों को प्रभावित किया।विद्यालय समूह की निदेशिका एवं स्काउट–गाइड फर्रुखाबाद की संरक्षिका डॉ. मिथिलेश अग्रवाल ने शिविर के समापन पर सभी प्रदर्शनों का निरीक्षण करते हुए कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व और सेवा की भावना का विकास करती है। उन्होंने प्रतिभागियों की रचनात्मकता और समर्पण की प्रशंसा की। मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीमती ज्योत्सना अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनमें अनुशासन, सहयोग एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उपनिदेशिका अंजू राजे ने कहा कि स्काउट–गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों में जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम को प्रबल बनाता है। प्रधानाचार्य संजय बिष्ट (सहायक आयुक्त) ने कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों की प्रेरणादायी पाठशाला है, जो विद्यार्थियों को सेवा, सहिष्णुता और एकता के मार्ग पर अग्रसर करती है। जिला कमिश्नर स्काउट–गाइड श्री दिनेश वर्मा ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना को सशक्त बनाते हैं। जिला सचिव श्री महेश चंद्र राजपूत ने बताया कि यह शिविर विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और सामाजिक रूप से संवेदनशील नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करता है। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन मुख्य प्रशिक्षक एवं जंबूरी स्काउट मंडल इंचार्ज श्री सर्वेश कुमार, डी.टी.सी. स्काउट श्री योगेश कुमार, जिला कमिश्नर गाइड श्रीमती चमन शुक्ला तथा जिला संगठन कमिश्नर स्काउट श्री गजेंद्र सिंह चौहान के निर्देशन में संपन्न हुआ। सुधीर कुशवाहा, रामकुमार, श्रवण कुमार मिश्र, पुष्पेंद्र शर्मा, सुनीता पांडे, अंजना दीक्षित, प्रगति शुक्ला, अमन मनीला मैसी, ममता पॉल, संजय गौतम, शीशचंद्र, अनिल कुमार, सुनील कुमार तथा राहुल सैमुअल मैसी सहित अनेक स्काउट मास्टर्स ने सहयोग किया। शिविर का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह प्रशिक्षण आगामी 20 से 29 नवम्बर 2025 तक लखनऊ में आयोजित होने वाली डायमंड जुबली जंबूरी के लिए प्रतिभागियों के अनुभव, आत्मबल और नेतृत्व क्षमता को और सशक्त करेगा। पूरा शिविर सेवा, सौहार्द्र और उत्साह की भावना से ओतप्रोत रहा, जिसने सभी प्रतिभागियों में नई ऊर्जा, प्रेरणा और समर्पण का संचार किया।
सी.पी. स्कूल में जंबूरी पूर्व प्रशिक्षण शिविर का उत्साहपूर्ण समापन



