पेंशनर के साथ बैंक धोखाधड़ी, एसबीआई के दो शाखा प्रबंधकों पर एफआईआर

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) एक वृद्ध पेंशनर ने भारतीय स्टेट बैंक के दो शाखा प्रबंधकों पर गंभीर धोखाधड़ी और लापरवाही के आरोप लगाते हुए न्यायालय में कार्रवाई की मांग की है। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घेरशामू खां निवासी 76 वर्षीय सोनपाल सिंह ने तत्कालीन मुख्य शाखा प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक रेलवे रोड फर्रुखाबाद, मुख्य शाखा प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक स्टेशन रोड मैनपुरी, तथा एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सोनपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी भोगांव स्थित संपत्ति बेचने के लिए रामशंकर पुत्र रतिराम निवासी शादीपुर सरसई, जनपद इटावा से सौदा किया था। इसके लिए रामशंकर ने ₹2,00,000 का क्रॉस अकाउंट पेई चेक (संख्या 868291) भारतीय स्टेट बैंक मैनपुरी से जारी किया, जिसे सोनपाल ने 02 सितंबर 2023 को अपने एसबीआई रेलवे रोड फर्रुखाबाद स्थित बचत खाते में जमा किया, लेकिन पेंशनर के खाते में राशि न आने पर जब उन्होंने बैंक में जानकारी की, तो पता चला कि उक्त चेक का भुगतान किसी अज्ञात व्यक्ति को नकद रूप से 04 सितंबर 2023 को भारतीय स्टेट बैंक मैनपुरी शाखा से कर दिया गया। सोनपाल ने इस पर दोनों शाखा प्रबंधकों से शिकायत की और सीसीटीवी फुटेज निकलवाने की मांग की, परंतु किसी ने सुनवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने 13 सितंबर 2023 को दोनों शाखा प्रबंधकों को अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस भेजा, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। फर्रुखाबाद शाखा प्रबंधक ने तो यह तक कह दिया कि सोनपाल बैंक के ग्राहक ही नहीं हैं, जबकि वह वर्ष 2004 से वहीं से पेंशन प्राप्त कर रहे हैं।न्याय न मिलने पर सोनपाल सिंह ने मामला बैंकिंग लोकपाल, भारतीय रिजर्व बैंक कानपुर में 3 अक्टूबर 2023 को दर्ज कराया, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।पेंशनर ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि दोनों शाखा प्रबंधकों की मिलीभगत से धोखाधड़ी कर ₹2 लाख की राशि किसी अन्य व्यक्ति को भुगतान की गई। कोतवाली प्रभारी राजीव पांडे ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जारही है