फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले भर में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए छापामार कार्रवाई की। इस दौरान 35 किलोग्राम मिठाइयां और खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए तथा आठ खाद्य कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी किए गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य)निर्देशन में मंगलवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों शिवदास सिंह, संजय कुमार सिंह, विनोद कुमार, अरूण कुमार मिश्र एवं बृज मोहन गुप्ता ने विभिन्न स्थानों पर छापे मारे।जसमई चौराहा, संकिसा तिराहा, बेवर रोड, बढ़पुर और कैण्ट फतेहगढ़ क्षेत्रों में स्थित दुकानों से
दही, लौंज बर्फी, बूंदी लड्डू, बर्फी, किशमिश के सैंपल लिए। वहीं सचल खाद्य प्रयोगशाला (एफएसडब्ल्यू) के माध्यम से 15 मिठाई नमूनों की मौके पर जांच की गई।जांच में बर्फी के एक नमूने में स्टार्च पाया गया।
टीम ने मौके पर ही 10 किलो बर्फी (मूल्य 2500), 10 किलो बूंदी के लड्डू (मूल्य 2500) और 15 किलो लौंज बर्फी (मूल्य 3750) को नष्ट कराया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिल सकें।
खाद्य विभाग की छापामारी में 35 किलो मिलावटी मिठाई नष्ट, आठ को नोटिस



