फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) पुरानी रंजिश को लेकर मंगलवार शाम दो पक्षों में जमकर बवाल हो गया। पहले कहासुनी और गालीगलौज हुई, इसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। इस दौरान फायरिंग भी की गई, जिसमें एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए और घायल को अस्पताल भेजा।
थाना क्षेत्र के ग्राम गौसपुर निवासी मो. मान का गांव के ही शकील व आरिफ से मुकदमा चल रहा है। इसी रंजिश के चलते मंगलवार शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से जमकर पथराव व लाठी-डंडे चले। इसी बीच फायरिंग भी
की गई, जिसमें मान पक्ष का सलमान पुत्र अनवार हुसैन गोली की चपेट में आकर घायल हो गया। पुलिस ने घायल को कमालगंज सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। अनवार हुसैन ने रेहान, अमन, सलमान और सोहेल के खिलाफ तहरीर दी है। उनका आरोप है कि उनका पुत्र सलमान गांव के पप्पू आतिशबाजी वाले के घर के पास से गुजर रहा था, तभी उक्त लोगों
ने उस पर फायरिंग कर दी। दूसरी ओर आरिफ की पत्नी तहसीन बेगम ने मान, अरशद, शिबलु, सलमान और वसीम के खिलाफ तहरीर दी है। उनका कहना है कि चार वर्ष पूर्व उनके पति शकील उर्फ बब्लू से मुंबई में मारपीट की गई थी, जिसका मुकदमा चल रहा है। उसी मामले में समझौते का दबाव बनाने के लिए मंगलवार शाम आरोपी उनके घर पर आकर गाली-गलौज व मारपीट करने लगे।नाहिद बेगम ने भी मान, शीबू, अच्छे आदि के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी है। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश के चलते विवाद हुआ है। तहरीरें मिली हैं, जांच की जा रही है।
दो पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर फायरिंग, एक युवक घायल



