गंगा खतरे के निशान से 35 सेमी.ऊपर, राम गंगा में भी उफान, 87 गाँव पानी-पानी

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) गंगा में लगातार उफान जारी है| लिहाजा बुधवार सुबह गंगा का जल स्तर खतरे के निशान से 35 सेमी. ऊपर पंहुच गया, वहीं रामगंगा खतरे के निशान से महज 20 सेमी. दूर रह गयीं हैं| दोनों नदियों में बाढ़ से निचले इलाकों में पानी ही पानी नजर आ रहा है|
दरअसल गंगा में बीते मंगलवार शाम को जल स्तर 137.30 मीटर पर दर्ज किया गया था| लगभग 16 घंटे में ही गंगा में यानी बुधवार सुबह जल स्तर 137.45 मीटर पर पंहुच गया है| यानी 16 घंटे में गंगा में 15 सेमी. का उछाल आ गया| गंगा व रामगंगा में खतरे का निशान 137.10 पर दर्ज है| गंगा में 191442 क्यूसेक पानी छोड़ा गया| वहीं बात करें तो रामगंगा की तो राम गंगा का जल स्तर सुबह 136.90 मीटर पर दर्ज किया गया है| राम गंगा में 14939 क्यूसेक पानी छोड़ा गया| बाढ़ से राजेपुर कस्बे में भी सडकों पर पानी चल रहा है| पुलिस ने राजेपुर निबिया मार्ग को फिलहाल बंद करा दिया है| राजेपुर तिराहे पर दो फिट पानी है| जिला आपदा विशेषज्ञ आयुषमेंद्र परिहार नें बताया की अभी तक बाढ़ की चपेट में लगभग 87 गाँव आ चुके है| सभी गांवों में राहत व बचाव कार्य जारी है|