जनजीवन भीषण गर्मी से हलकान, गर्म हवाओं से लोग घरों में कैद

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) रविवार को भीषण गर्मी व लू का तेवर भी बरकरार रहा। सूर्यदेव के प्रकोप ने लोगों को परेशान किया। दिन चढ़ने के साथ ही भीषण गर्मी का सितम शुरू हो गया। तेज गर्म हवा लोगों के चेहरे को झुलसा दे रहा था।  लोग शीतल पेय पदार्थों से गर्मी को कम करनें का प्रयास करते नजर आये|

ऐसे में गर्मी से बचने के लिए लोग बाजारों में सत्तू का शर्बत, खीरा, ककरी, नारियल पानी, कोल्ड ड्रिक्स, शरबत, गन्ने का रस आदि का सेवन करते नजर आए। मौसम के तल्ख तेवर से आवागमन करने वालों को और भी असुविधा हो रही है। गर्मी और लू के थपेड़ों के कारण जिला मुख्यालय में 12 बजे के बाद मुख्य
बाजार, मुख्य चौराहों व सार्वजनिक जगहों पर आवाजाही कम नजर आई। हर कोई सिर और चेहरा ढक कर खुद को गर्मी से बचाने का प्रयास करते नजर आए। सुबह से ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। सूरज की गर्म किरणें बदन में चुभने लगीं। लू के कारण सबसे अधिक दिक्कत दिहाड़ी मजदूरी करने वालों काे हुई।
तेज धूप के साथ लू के गर्म थपेड़ों ने मुसीबत और बढ़ा दी। भीषण गर्मी से बेचैन लोग बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके, जिसके चलते दोपहर को शहर के प्रमुख बाजार व चौराहों पर लगभग सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। गर्मी ने पूरी तरह जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। हालांकि दोपहर बाद कुछ बादल से छाये रहे|