गंगा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली तालाब में पलटी,24 की मौत,30 लोग घायल

0
244

कासगंज:मैनपुरी बदायूं हाइवे पर पटियाली क्षेत्र में दरियावगंज के पास गड़ैया की पुलिया पर शनिवार को श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली सड़क किनारे तालाब मे पलट गई।घटना में अब तक 24 लोगों की मौत हो गई। 30 लोग घायल हुए हैं। सभी श्रद्धालु एटा के जैथरा क्षेत्र के गांव कसा और उसके आसपास के हैं।गांव के एक बच्चे के मुंडन संस्कार के साथ ही सभी गंगा स्नान को कादरगंज जा रहे थे। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पांच घंटे तक तालाब में जाल आदि डालकर डूबे लोगों की खोज होती रही। जो भी निकलता उसे एंबुलेंस से पहले पटियाली सीएचसी और वहां से जिला अस्पताल भेजा जाता रहा।कसा के वीरपाल के बेटे के मुंडन संस्कार के साथ ही गंगा स्नान के लिए ग्रामीण ट्रैक्टर ट्रॉली में बैठकर सुबह आठ बजे कादरगंज के लिए निकले थे। ट्रॉली में कुल 54 लोग सवार थे। इनमें महिला और बच्चों की संख्या अधिक थी। ज्यादातर कसा गांव के थे और कुछ आसपास के खिरिया, रौरी और बनार गांवों से थे। यह लोग गंगा मैया के जयकारे लगाते हुए करीब तीस किमी सफर तय कर दरिवयावगंज तक सुरक्षित आ गए।अलीगढ़ रेफर किए गए घायलों में से भी दो बच्चों की मृत्यु होने की जानकारी मिली है। इस तरह घटना में मृतकों की संख्या खबर लिखे जाने तक 24 पहुंच गई है। इनमें 13 महिलाएं, 10 बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं। तीस लोग घायल हैं। इनमें से आठ का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। दस अलीगढ़ रेफर कर दिए गए हैं। दर्जनभर ट्राली पलटते समय उसमें से तालाब किनारे गिरे थे,उनकी हालत ठीक है।

[adrotate banner="3"]

सीएम योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के स्वजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये आर्थिक मदद की घोषणा की है।

[adrotate banner="2"]